Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Apr, 2026 03:56 PM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासी हलचल तेज होती जा रही है।
रायपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, सियासी हलचल तेज होती जा रही है। सभी प्रमुख दल अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी रणनीति को और धार देते हुए छत्तीसगढ़ के डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे और कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी विजय शर्मा को दी गई है। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व अब विजय शर्मा करेंगे। यह जिम्मेदारी ऐसे समय पर दी गई है जब बंगाल में भाजपा अपने चुनावी अभियान को आक्रामक मोड में ले जा रही है।
विजय शर्मा ने इस अहम जिम्मेदारी को लेकर कहा कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के लगातार बंगाल दौरे हो रहे हैं और सभी कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए टीम बनाई गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहा है और इसका सकारात्मक असर चुनाव परिणामों में जरूर दिखाई देगा।
वहीं, भाजपा ने चुनावी समीकरण को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी बंगाल में तैनात किया है। करीब 150 सीटों पर छत्तीसगढ़ की टीम को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का मानना है कि छत्तीसगढ़ संगठन के कार्यकर्ता प्रशिक्षित और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखते हैं, जिसका फायदा बंगाल चुनाव में मिलेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह कदम चुनावी रणनीति का हिस्सा है, जिसके जरिए पार्टी बाहरी राज्यों के अनुभवी नेताओं का उपयोग कर बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस रणनीति का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है।