Edited By Himansh sharma, Updated: 03 Sep, 2026 12:39 PM

गाडरवारा में भाजपा नेता की गिरफ्तारी ने राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है।
नरसिंहपुर। गाडरवारा में भाजपा नेता की गिरफ्तारी ने राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के करीबी बताए जा रहे भाजपा नेता अजीत उर्फ लकी कौरव को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
NTPC के इंजीनियरों को बुलाकर मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक मामला 30 अगस्त का है। आरोप है कि NTPC गाडरवारा में कार्यरत इंजीनियर रोहित गौतम और सैय्यद नूरुद्दीन को रेलवे वाहन स्टैंड स्थित एक ठिकाने पर बुलाया गया था। शिकायत के अनुसार वहां दोनों के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा धमकी देने के बाद नकदी रकम ले ली गई। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि नकदी लेने के बाद आरोपियों ने PhonePe के जरिए भी पैसे ट्रांसफर करवाए।
चार लोगों के खिलाफ FIR, तीन अब भी फरार
शिकायत के आधार पर गाडरवारा थाना पुलिस ने जांच के बाद अजीत उर्फ लकी कौरव समेत चार लोगों के खिलाफ BNS की धारा 296बी, 115(2), 309(6), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजीत उर्फ लकी कौरव को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल बताए जा रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी के बाद बढ़ी चर्चा
भाजपा नेता के मंत्री के करीबी बताए जाने के कारण गिरफ्तारी का मामला स्थानीय राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई मामले में दर्ज शिकायत और जांच के आधार पर की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।