Edited By Vandana Khosla, Updated: 01 Oct, 2026 11:01 AM

भोपालः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने बुधवार को यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय बेहतर करने पर जोर दिया। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। पदाधिकारी ने...
भोपालः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने बुधवार को यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और सरकार एवं संगठन के बीच समन्वय बेहतर करने पर जोर दिया। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। पदाधिकारी ने बताया कि देब ने पार्टी के कोर ग्रुप में शामिल नेताओं से संगठन से जुड़ी चुनौतियों के बारे में विचार-विमर्श किया तथा उन विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत करने पर बल दिया, जहां उसे पिछले विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
मध्यप्रदेश भाजपा का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद देब बुधवार को पहली बार राज्य के दो दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंचे। प्रदेश की सह-प्रभारी रेखा वर्मा भी उनके साथ थीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में देब, रेखा वर्मा एवं नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर का स्वागत किया। बाद में देब ने 17 सदस्यीय कोर ग्रुप की बैठक में हिस्सा लिया और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को छोड़कर कोर ग्रुप के सभी सदस्य शामिल हुए। कोर ग्रुप में मुख्यमंत्री यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल और राकेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बैठक में नहीं शामिल हुए। बताया गया है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया अन्य व्यस्तताओं के कारण बैठक में नहीं पहुंचे तो वहीं नरोत्तम मिश्रा पारिवारिक हेल्थ इमरजेंसी के कारण नहीं पहुंच सके। जानकारी के मुताबिक बुधवार को ही उनकी पत्नी का घुटने का ऑपरेशन हुआ है।
खंडेलवाल ने बाद में पत्रकारों से कहा कि बैठक में संगठन की मजबूती और जनसेवा तथा भाजपा सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने समेत अन्य सभी विषयों पर मंथन हुआ है। उन्होंने कहा, "कोर ग्रुप की बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मैंने प्रदेश संगठन के आगामी कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की जबकि मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याण एवं विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।" खंडेलवाल ने कहा कि बैठक में देब ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और पार्टी के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस पर भी विचार-विमर्श किया गया कि आने वाले समय में किन विषयों को लेकर पार्टी को जनता के बीच जाना है तथा संगठन की गतिविधियों को किस प्रकार और अधिक प्रभावी बनाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज जिन विषयों और सुझावों पर चर्चा की गई है, उनकी प्रगति की समीक्षा आगामी महीनों में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में की जाएगी। इससे पहले, भोपाल पहुंचे देब और रेखा वर्मा ने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर के बूढ़े हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की, एक दलित कार्यकर्ता के घर पर भोजन किया और एक बूथ कार्यकर्ता के घर चाय पी। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से भी मुलाकात की।