इंदौर में नगर निगम के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, गंदे पानी-ड्रेनेज संकट पर शंख-घंटी बजाकर घेराव

Edited By Vikas Tiwari, Updated: 29 Dec, 2025 03:31 PM

congress protests against indore municipal corporation

आम जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को इंदौर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने झोन-8 कार्यालय का घेराव करते हुए वार्ड क्रमांक 30, 37 और 28 की जनसमस्याओं को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्लाबोल किया।...

इंदौर (सचिन बहरानी): आम जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को इंदौर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने झोन-8 कार्यालय का घेराव करते हुए वार्ड क्रमांक 30, 37 और 28 की जनसमस्याओं को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्लाबोल किया। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता और स्थानीय रहवासी शंख-घंटी बजाते हुए, खाली मटके फोड़ते और गंदे पानी से भरी बोतलें हाथ में लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वार्डों में रहने वाली जनता रोजमर्रा की गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि नलों में गंदा पानी आ रहा है, सड़कों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है और ड्रेनेज लाइनें बार-बार चोक हो रही हैं। स्थिति इतनी खराब है कि क्षेत्र में बने मंदिर के आसपास भी गंदगी फैली हुई है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। कई बार नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और रहवासियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आगे और उग्र आंदोलन करते हुए नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। वहीं नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि रहवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!