Edited By Himansh sharma, Updated: 31 Jul, 2026 10:05 PM

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर भी बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है।
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर भी बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी घनश्याम सिंह को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है।
राजेंद्र भारती ने कहा कि जिस राजनीतिक जमीन और जनाधार को तैयार करने में उन्होंने वर्षों तक मेहनत की, आज उसी का लाभ दूसरे नेता उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया और वर्तमान माहौल उसी मेहनत का परिणाम है।
इतना ही नहीं, भारती ने घनश्याम सिंह की राजनीतिक ताकत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि घनश्याम सिंह इतने ही मजबूत नेता थे, तो उन्हें पिछले चुनावों में हार का सामना क्यों करना पड़ा? उनके इस बयान को कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मतदान के बाद इस तरह के बयान वायरल होना दतिया की सियासत को और गर्मा सकते हैं। अब सबकी निगाहें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि जनता ने किसके दावों पर मुहर लगाई है।