Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Mar, 2026 05:47 PM

चयनित विद्यार्थियों के अधिकांश माता-पिता कृषक हैं और सामान्य परिवारों से ताल्लुक रखते हैं।
धमधा (हेमंत पाल): दुर्ग जिले के धमधा लिए गर्व का क्षण सामने आया है। जवाहर नवोदय विद्यालय नगपुरा बोराई में इस वर्ष 80 सीटों के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा में से 48 सीटों पर केवल धमधा ब्लॉक के बच्चों ने सफलता हासिल की है। यानी कुल चयन का 60 प्रतिशत हिस्सा अकेले धमधा के नाम रहा।
ग्रामीण क्षेत्र होने के बावजूद धमधा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। साधारण सरकारी स्कूलों में पढ़ाई करने वाले इन बच्चों ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। अक्सर यह धारणा बनाई जाती है कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं होती, लेकिन इस परिणाम ने उन सभी धारणाओं को आईना दिखा दिया है।
चयनित विद्यार्थियों के अधिकांश माता-पिता कृषक हैं और सामान्य परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बीच बच्चों ने अपने सपनों को पंख दिए और पूरे ब्लॉक का नाम रोशन किया। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे धमधा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।
धमधा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अथर्व शर्मा ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि यदि सही मार्गदर्शन और मेहनत हो तो सरकारी स्कूलों के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता ने धमधा ब्लॉक को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दी है। एक बार फिर यह सिद्ध हो गया है कि सच्ची लगन, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य को जरूर हासिल किया जा सकता है चाहे मंच गांव का हो या शहर का।