Edited By Himansh sharma, Updated: 21 Dec, 2025 10:50 PM

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया
खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महाराष्ट्र पुलिस ने अचानक दबिश देकर पूर्व मंत्री के बेटे और कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रविवार को उस समय हुई, जब कांग्रेस नगर निगम के सामने मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में प्रदर्शन कर रही थी।
प्रदर्शन के बीच से ही महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय कोतवाली पुलिस की मदद से यशवंत सिलावट को हिरासत में लिया, जिससे मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हत्या के प्रयास का मामला बताया जा रहा है कारण
सूत्रों के मुताबिक, यशवंत सिलावट पर महाराष्ट्र के धुलिया जिले के सिरपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इसी मामले में महाराष्ट्र पुलिस उन्हें पकड़ने खंडवा पहुंची थी।
हालांकि गिरफ्तारी के बाद यशवंत सिलावट ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि यह मामला प्रॉपर्टी और लेन-देन से जुड़ा हुआ है, कोई गंभीर आपराधिक प्रकरण नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बातचीत के जरिए मामला सुलझाया जा सकता था।
कांग्रेस में मचा राजनीतिक भूचाल
यशवंत सिलावट, पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट के बेटे हैं, जो दिग्विजय सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बेटे की इस तरह सार्वजनिक प्रदर्शन के बीच गिरफ्तारी से कांग्रेस खेमे में राजनीतिक भूचाल आ गया है।
फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस यशवंत सिलावट को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महाराष्ट्र ले जाने की तैयारी में है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार देते हुए विरोध के संकेत दिए हैं।