Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Apr, 2026 01:23 PM

छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता धनीराम साहू के बेटे जय साहू ने देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, जय साहू रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोवा स्थित आदर्श नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि जय ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे के भीतर उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जय साहू पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थे। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि वे अक्सर परेशान रहते थे। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से उनकी पत्नी किरण के साथ भी विवाद चल रहा था। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं, जिससे पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते जय साहू ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
गौरतलब है कि जय साहू के पिता धनीराम साहू वर्ष 1977 में कसडोल से विधायक रहे हैं और अविभाजित मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। क्षेत्र में उनका राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव किस हद तक इंसान को भीतर से तोड़ सकता है। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद तस्वीर और साफ हो सकेगी।