Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Apr, 2026 03:21 PM

मध्य प्रदेश के दतिया में लोधी समाज की अहम बैठक के दौरान दामोदर यादव ने बड़ा बयान देते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।
दतिया: मध्य प्रदेश के दतिया में लोधी समाज की अहम बैठक के दौरान दामोदर यादव ने बड़ा बयान देते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ उनकी ही पार्टी के भीतर साजिश रचे जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यादव ने कहा कि विधायक के बेटे से जुड़ी एक्सीडेंट की घटना को बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है, जबकि एक्सीडेंट किसी के साथ भी हो सकता है, यह कोई जानबूझकर नहीं करता, यह एक दुखद घटना है।
उन्होंने सवाल उठाया कि करैरा के SDOP किसके इशारे पर विधायक के बेटे को “देख लेने” जैसी धमकी दे रहे हैं। दामोदर यादव ने साफ कहा कि सत्ताधारी विधायक को धमकाने की हिम्मत किसी अधिकारी में नहीं हो सकती।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के ही कुछ नेताओं के इशारे पर प्रीतम लोधी का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक बनाने में उन्होंने स्वयं अहम भूमिका निभाई थी और वे आज भी उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो आंदोलन की स्थिति में वे पूरी तरह से प्रीतम लोधी के साथ खड़े रहेंगे।