Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Apr, 2026 06:09 PM

वैश्विक तनाव के बीच बीते दिनों तेजी से उछले सोना-चांदी के दाम अब थोड़ी स्थिरता की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं।
Gold Silver Price Today: वैश्विक तनाव के बीच बीते दिनों तेजी से उछले सोना-चांदी के दाम अब थोड़ी स्थिरता की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। बाजार में उतार-चढ़ाव के इस दौर ने जहां निवेशकों को सतर्क कर दिया है, वहीं आगामी खरीदारी सीजन—खासतौर पर आखातीज—से पहले आम ग्राहकों की नजरें भी भावों पर टिकी हुई हैं।
पिछले महीने की गिरावट के बाद सोने ने अचानक तेज रफ्तार पकड़ी और करीब 20 हजार रुपये तक उछल गया। इसी तरह चांदी में भी लगभग 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के चलते अब दोनों धातुओं के भाव कुछ नरम होकर सीमित दायरे में कारोबार कर रहे हैं।
फिलहाल बाजार में सोना करीब 1.50 लाख से 1.55 लाख रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2.30 लाख से 2.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बीच चल रही है। गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोने में 700 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी में 5 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक हालात का असर
सर्राफा कारोबारियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी तनाव का सीधा असर कीमती धातुओं पर पड़ रहा है। अमरीका-ईरान के बीच बढ़ती तनातनी, इजराइल-हिजबुल्ला संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े हालात ने बाजार में अनिश्चितता बनाए रखी है। हाल ही में सीजफायर की घोषणा के बावजूद निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है।
क्या है आगे का रुख
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं होते, तब तक सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में खरीदारी करने वाले ग्राहकों को जल्दबाजी के बजाय बाजार की चाल पर नजर रखते हुए सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी जा रही है।
निवेशकों के लिए संकेत
आखातीज जैसे बड़े खरीदारी पर्व से पहले बाजार में स्थिरता जरूर दिख रही है, लेकिन अनिश्चितता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ऐसे में छोटे अंतराल में गिरावट पर खरीदारी और लंबी अवधि के नजरिए से निवेश को बेहतर रणनीति माना जा रहा है।