Edited By meena, Updated: 10 Apr, 2026 08:58 PM

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है...
दुर्ग (हेमंत पाल) : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची सुबह करीब 11 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले आसपास तलाश की, लेकिन जब काफी देर तक कोई सुराग नहीं मिला तो मोहल्ले और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की गई।
काफी देर बाद घर के पास स्थित एक कुएं के किनारे एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। परिजनों ने जब बोरा खोला तो बच्ची उसमें बंद अवस्था में मिली। उसका मुंह तकिए के खोल से बंधा हुआ था। बच्ची की हालत देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध पड़ोसी युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक घटना के समय शराब नशें में था जांच जारी है।
एडिशनल एसपी मणि शंकर चंद्र ने बताया
थाना उतई में दोपहर 2 बजे प्रार्थी ने सूचित किया कि उतई बंजारी पारा में एक पांच वर्षीय बच्ची गुम हो गई थी, जिसका पता नहीं चल रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर संवेदनशीलता से जांच पड़ताल की और मोहल्ले में खोजने पर एक खंडहर के पास खुली झाड़ियों में बच्ची अचेत अवस्था में बोरे में बंद मिली। पैर बाहर से दिख रहा था। तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। वर्तमान मे बच्ची स्वस्थ है तथा बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल पर पुलिस मौजूद है तथा विवेचना कार्य में संलग्न है, सीन ऑफ़ क्राइम की टीम भी पहुंच चुकी है तथा प्रकरण की अग्रिम विवेचना जारी है। संदेही आरोपी को हिरासत में लिया जाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।