Edited By meena, Updated: 31 May, 2026 05:15 PM

सांचेत स्थित काल भैरव धाम के पीठाधीश्वर नाना सरकार के नाम से चर्चित सुनील सराठे उर्फ सोनू सराठे और उनके भाई अनिल सराठे की अब मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुनील सराठे की पत्नी आरती सेन की शिकायत...
रायसेन (शिवलाल यादव) : मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम सांचेत स्थित काल भैरव धाम हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि महाराष्ट्र गुजरात और तेलंगाना से भी कई श्रद्धालु पहुंचते हैं। मान्यता है कि शराब चढ़ाने से लोगों की हर मनोकामना पूरी होती है। इसी धाम के पीठाधीश्वर नाना सरकार के नाम से चर्चित सुनील सराठे उर्फ सोनू सराठे और उनके भाई अनिल सराठे की अब मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुनील सराठे की पत्नी आरती सेन की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और तलाक के लिए दबाव बनाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद सांचेत सहित जिलेभर में जनचर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में कहा गया है कि पति सुनील सराठे और उनके परिजन समय-समय पर दहेज की मांग करते थे तथा मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की जाती थी। महिला आरती सेन का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उस पर लगातार तलाक लेने का दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़िता आरती सेन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पारिवारिक विवाद बढ़ने के बाद उसने कई बार समझौते और रिश्ते को बचाने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके विपरीत प्रताड़ना बढ़ती गई। महिला आरती सेन का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो उसे धमकियां भी दी गईं और मानसिक रूप से परेशान किया गया। एक दिन वह पड़ोसी एक विश्वकर्मा परिवार के घर नाना सरकार के बारे में पड़ताल करने आई तो उन्होंने गुंडे बदमाशों की मदद से जानलेवा हमला मारपीट कराई और दहशत गर्दी कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर सुनील सराठे उर्फ सोनू सराठे और उनके भाई अनिल सराठे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से हरेक पहलू की जांच पड़ताल की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, यह मामला इसलिए भी जन चर्चा में है क्योंकि सुनील सराठे सांचेत क्षेत्र में काल भैरव धाम के पीठाधीश्वर के रूप में पहचान रखते हैं लग्जरी गाड़ियों से घूमते हैं और बड़ी संख्या में बाहर के राज्यों के श्रद्धालुओं का उनके यहां आना-जाना बना रहता है। ऐसे में उनके खिलाफ दर्ज हुए प्रकरण ने सामाजिक और धार्मिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।
जानकारों का कहना है कि हाल के दिनों में सुनील सराठे और उनके परिवार से जुड़े विवाद लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी एक अन्य विवाद को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी थी। अब पत्नी आरती सेन द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों और पुलिस में दर्ज मामले ने विवाद को नया मोड़ दे दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच पड़ताल आगे बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
उधर, प्रकरण दर्ज होने के बाद क्षेत्र के लोगों की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है। जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है। इस पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ढोंगी नौटंकीबाज बाबा नाना सरकार का विवादों से रहा नाता
दसवीं कक्षा में असफल रहने का उल्लेख। विदिशा में सैलून में काम करने और बाद में विवाह होने का दावा। पत्नी आरती सेन के साथ आर्थिक विवाद और लगभग 10 लाख रुपये के कर्ज़ को लेकर मतभेद का उल्लेख। पत्नी आरती सेन के घर छोड़ने की बात।