SI की पत्नी और पूर्व प्रत्याशी के बीच जमकर विवाद और मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR; जानिए क्या है पूरा मामला

Edited By Vandana Khosla, Updated: 12 Nov, 2026 02:31 PM

heated dispute and physical altercation between

दुर्गः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उधार दी गई रकम की वापसी को लेकर पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) की पत्नी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी के परिवार के बीच विवाद एवं मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज,...

दुर्गः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में उधार दी गई रकम की वापसी को लेकर पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) की पत्नी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी के परिवार के बीच विवाद एवं मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सुपेला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुपेला थाना क्षेत्र स्थित आकृति हाइट्स आवासीय परिसर की है। विवाद में एक पक्ष स्मृति नगर चौकी प्रभारी एसआई अमित अंदानी की पत्नी मुस्कान का है, जबकि दूसरे पक्ष में बहुजन समाज पार्टी की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी गीतांजलि सिंह और उनके परिजन शामिल हैं। गीतांजलि सिंह ने वर्ष 2019 में दुर्ग लोकसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और तीसरे स्थान पर रही थीं। मुस्कान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गीतांजलि सिंह ने जुलाई में अपनी बहन की शादी के लिए उनसे रकम उधार ली थी। इसी रकम की वापसी के सिलसिले में उन्हें गीतांजलि के निवास पर बुलाया गया था। वहां गीतांजलि की मां सुनीता सिंह से बातचीत चल रही थी, तभी रोशनी सिंह ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

मुस्कान का आरोप है कि इसके बाद उनके साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। इस दौरान उनके बाएं हाथ की कोहनी, दाहिने कान और गले में चोट आई। दूसरी ओर, गीतांजलि सिंह ने मुस्कान के आरोपों का खंडन करते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। गीतांजलि के अनुसार, उन्होंने उधार ली गई रकम दिवाली के अवसर पर वापस करने की बात कही थी। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थीं। इसी दौरान मुस्कान उनके घर पहुंचीं और उनकी बहन रोशनी सिंह के साथ कथित रूप से गाली-गलौज तथा मारपीट की। गीतांजलि सिंह का कहना है कि मुस्कान स्वयं उनके निवास पर पहुंची थीं और विवाद की शुरुआत भी उन्हीं की ओर से हुई।

उन्होंने दावा किया कि वह उधार की रकम लौटाने के लिए एग्रीमेंट और चेक देने को तैयार थीं। उनके मुताबिक, न तो वह मुस्कान के घर गई थीं और न ही उन्होंने किसी के साथ मारपीट की। घर में विवाद बढ़ने पर उन्होंने स्वयं पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी थी। गीतांजलि ने पुलिस की प्रारंभिक कारर्वाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन शुरुआत में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में बहस होने पर पुलिस ने शिकायत स्वीकार की और उनकी बहन को मेडिकल जांच के लिए भेजा। शाम को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी काउंटर एफआईआर दर्ज हुई।

जानकारी के अनुसार, दोनों परिवार आकृति हाइट्स की एक ही इमारत में रहते हैं। मुस्कान का निवास छठवें फ्लोर पर है, जबकि गीतांजलि सिंह दूसरे फ्लोर पर रहती हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले से परिचय और एक-दूसरे के घर आना-जाना था। वित्तीय लेनदेन को लेकर गीतांजलि सिंह ने बताया कि उनकी बहन की शादी के समय मुस्कान ने एक ज्वेलरी दुकान में अपने 5 से 6 लाख रुपए फंसे होने की जानकारी दी थी। इस पर उन्होंने दुकान से रकम निकलवाकर शादी के खर्च में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव रखा था। गीतांजलि के मुताबिक, बाद में मुस्कान ने अपनी ज्वेलरी भी उपलब्ध कराई थी, जिस पर करीब साढ़े 4 से 5 लाख रुपए का लोन था।

इसके अतिरिक्त दोनों पक्षों के बीच जमीन खरीदने और उसे गिरवी रखने के संबंध में भी बातचीत हुई थी, हालांकि इस पर सहमति नहीं बन सकी। गीतांजलि सिंह का दावा है कि पूरे लेनदेन की रकम करीब 12 लाख 20 हजार रुपए थी। उन्होंने बताया कि वह इस राशि के संबंध में लिखित एग्रीमेंट करने और चेक देने के लिए तैयार थीं। इसके लिए उन्होंने दो से तीन महीने का समय मांगा था।

गीतांजलि ने कहा कि वह विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। उनके घर में मां और बहन भी रहती हैं। उनकी इच्छा है कि आपसी सहमति से एग्रीमेंट के माध्यम से पूरे लेनदेन का हिसाब तय किया जाए और मुस्कान की रकम वापस कर दी जाए। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने परस्पर शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के बाद ही विवाद और मारपीट से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!