Edited By Vandana Khosla, Updated: 13 Apr, 2026 04:04 PM

मुरैना (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के मुरैना में सोमवार को रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रहे एक तिपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के...
मुरैना (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के मुरैना में सोमवार को रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रहे एक तिपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के सुमावली थानाक्षेत्र में निटैहरा गांव के पास एक तिराहे पर हुई और गंभीर रूप से घायल हुए 20 वर्षीय एक युवक को इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है।
सुमावली के थाना प्रभारी निरीक्षक रवी गुर्जर ने बताया कि रेत से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही ऑटो को टक्कर मार दी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा पलटी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। गुर्जर ने बताया कि आरोपी के बारे में कुछ जानकारी हाथ लगी है और पुलिस उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक ऑटो चालक की पहचान निटैहरा निवासी द्वारिका राजपूत के पुत्र दर्शन राजपूत (58) के रूप में हुई है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान सुमावली निवासी गफ्फूर खान के पुत्र सोहेल खान के रूप में हुई है, जो ऑटो में सवार था।