Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Apr, 2026 06:45 PM

जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन रक्षक की कुचलकर हत्या के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है।
मुरैना। जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन रक्षक की कुचलकर हत्या के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। अवैध रेत परिवहन से जुड़ी इस सनसनीखेज वारदात में बीजेपी के दो स्थानीय नेताओं के नाम सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
बुधवार सुबह रानपुर गांव चौराहे के पास रूटीन गश्त पर निकली वन विभाग की टीम ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की थी। इसी दौरान चालक विनोद कोरी वाहन लेकर भागने लगा। वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया।
इस मामले में नया मोड़ तब आया जब जांच के दौरान सामने आया कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से घटना को अंजाम दिया गया, उसके मालिकों में बीजेपी से जुड़े दो पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें पवन तोमर, जो दिमनी मंडल में बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं, और सोनू चौहान, जो भाजपा युवा मोर्चा में मंडल मंत्री बताए जा रहे हैं। दोनों के पार्टनर होने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है, वहीं ट्रैक्टर मालिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।मौके पर पहुंचे कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर अवैध रेत खनन और उससे जुड़े राजनीतिक संरक्षण पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।