MP News: शार्ट सर्किट से हादसा या लापरवाही ! सरकारी राजस्व रिकॉर्ड रूम में भीषण आग, दस्तावेजों के जलने की आशंका; प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

Edited By Vandana Khosla, Updated: 11 Apr, 2026 12:12 PM

mp news was it a short circuit or negligence

राजगढ़ः एमपी के राजगढ़ नगर में भयानक हादसा हुआ है। जहां शुक्रवार देर शाम पुराने राज महल के पास स्थित सरकारी राजस्व रिकॉर्ड रूम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना में पूरा रिकॉर्ड रूम आग की चपेट में आ गया। यह जगह रिहायशी इलाके में होने के कारण आसपास के...

राजगढ़ः एमपी के राजगढ़ नगर में भयानक हादसा हुआ है। जहां शुक्रवार देर शाम पुराने राज महल के पास स्थित सरकारी राजस्व रिकॉर्ड रूम में अचानक भीषण आग लग गई। घटना में पूरा रिकॉर्ड रूम आग की चपेट में आ गया। यह जगह रिहायशी इलाके में होने के कारण आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों पर जाने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें और काला धुआं दूर से ही दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को खबर दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग ज्यादा होने के कारण राजगढ़ के अलावा खिलचीपुर और आसपास के इलाकों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के इलाकों को खाली कराया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की। माइक से लोगों को बार-बार दूर रहने की चेतावनी दी गई।

बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्ड रूम में जमीन और राजस्व से जुड़े पुराने और जरूरी कागजात रखे थे। आग में इन अहम दस्तावेजों के जलने की आशंका है, जिससे आगे चलकर लोगों को राजस्व से जुड़े कामों में परेशानी हो सकती है। अभी तक आग लगने का सही कारण पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही को कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। काफी मेहनत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन इस घटना ने सरकारी रिकॉर्ड की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!