Edited By Himansh sharma, Updated: 27 Mar, 2026 04:08 PM

शिवपुरी जिले के पोहरी के प्रभारी आरआई (राजस्व निरीक्षक) को लोकायुक्त टीम ने 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
शिवपुरी (भूपेंद्र शर्मा): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी के प्रभारी आरआई (राजस्व निरीक्षक) को लोकायुक्त टीम ने 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरआई नक्शा सुधार के नाम पर एक किसान से रिश्वत मांग रहा था। यह कार्रवाई लोकायुक्त टीम ने शिवपुरी स्थित उसके निवास से की।
बताया जा रहा है कि पोहरी तहसील के मचा कला गांव के एक निवासी ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन के नक्शे में गड़बड़ी है और वह उसे ठीक करवाना चाहता है। इसके लिए उसने एसडीएम कार्यालय में विधिवत आवेदन भी दिया था।
एसडीएम कार्यालय से फाइल आरआई देवेंद्र जैन के पास पहुंची। आरआई ने किसान से 5 हजार रुपये रिश्वत के रूप में मांगे और कहा कि पैसे नहीं देने पर काम नहीं होगा। बाद में सौदा 4 हजार रुपये में तय हुआ, जिसमें से किसान ने 1 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए।
इसके बावजूद आरआई ने काम नहीं किया और किसान को लगातार चक्कर लगवाता रहा। 24 मार्च को आरआई ने दोबारा पैसे मांगे, जिसके बाद किसान ने बातचीत रिकॉर्ड कर लोकायुक्त में शिकायत कर दी।
शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर किसान को 2 हजार रुपये लेकर आरआई के पास भेजा और उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।