Edited By Himansh sharma, Updated: 25 Feb, 2026 05:42 PM
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार गेहूं उपार्जन को लेकर किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। इस बढ़ी हुई MSP का लाभ प्रदेश के अब तक 4 लाख 42 हजार 288 पंजीकृत किसानों को मिलेगा।
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा 7 मार्च तक अपना पंजीयन अवश्य करा लें, ताकि उपार्जन के समय उन्हें बढ़ी हुई MSP का पूरा लाभ मिल सके।
पंजीयन प्रक्रिया बनी आसान
इस वर्ष पंजीयन व्यवस्था को और अधिक सरल और सुलभ बनाया गया है। पूरे प्रदेश में 3186 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में निःशुल्क पंजीयन
सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं में फ्री रजिस्ट्रेशन
एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं साइबर कैफे में निर्धारित शुल्क के साथ पंजीयन
संभागवार पंजीयन की स्थिति
प्रदेश के विभिन्न संभागों में किसानों का उत्साह साफ नजर आ रहा है:
उज्जैन संभाग – 1,48,905 किसान
भोपाल संभाग – 1,09,134 किसान
इंदौर संभाग – 54,587 किसान
जबलपुर संभाग – 39,885 किसान
नर्मदापुरम संभाग – 34,181 किसान
सागर संभाग – 25,398 किसान
रीवा संभाग – 13,260 किसान
ग्वालियर संभाग – 9,695 किसान
चम्बल संभाग – 4,692 किसान
शहडोल संभाग – 2,551 किसान
किसानों के लिए राहत भरी खबर
MSP में 160 रुपये की बढ़ोतरी से किसानों की आय में सीधा इजाफा होगा। प्रदेश सरकार का कहना है कि उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाया गया है, ताकि किसानों को भुगतान समय पर मिल सके। कुल मिलाकर, इस बार की MSP बढ़ोतरी और आसान पंजीयन व्यवस्था से मध्य प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।