Edited By meena, Updated: 07 Apr, 2026 08:51 PM

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त का लंबे समय से इंतजार कर रहे करीब 82 लाख किसानों को जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है...
भोपाल : मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त का लंबे समय से इंतजार कर रहे करीब 82 लाख किसानों को जल्द ही खुशखबरी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार ने किस्त जारी करने की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब केवल औपचारिकताएं बाकी हैं।
बताया जा रहा है कि अप्रैल 2026 के दूसरे सप्ताह में मुख्यमंत्री मोहन यादव एक क्लिक के जरिए यह राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर सकते हैं। यह राशि सीधे DBT के माध्यम से भेजी जाएगी। वहीं हाल ही में वित्त मंत्री व डिप्टी सीएम ने नीमच के जावद में जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 90 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। कृषि बजट में किया गया यह प्रावधान किसानों के कल्याण और कृषि विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने किसान सम्मान निधि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसानों के बैंक खातों में यह राशि पहुंचा रहे हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पात्र किसानों की सूची का सत्यापन और तकनीकी प्रक्रियाएं अपने अंतिम चरण में हैं। जैसे ही ये प्रक्रिया पूरी होगी, 14वीं किस्त जारी कर दी जाएगी। इससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों जैसे बीज, खाद और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था में बड़ी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो 2,000-2,000 रुपए की तीन किस्तों में सीधे खातों में जमा की जाती है। अगस्त 2025 में 13वीं किस्त जारी की गई थी, जिसके बाद से किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे थे।
अब जब सरकार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, तो यह माना जा रहा है कि जल्द ही किसानों के खातों में राशि पहुंच जाएगी। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे आगामी कृषि कार्यों को बेहतर तरीके से कर सकेंगे।