Edited By Himansh sharma, Updated: 19 Jul, 2026 02:33 PM

जिले के पुलिस महकमे में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय ने 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।
रायगढ़। जिले के पुलिस महकमे में रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय ने 16 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में कई थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि रक्षित केंद्र में पदस्थ अधिकारियों को विभिन्न थानों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के मुताबिक, निरीक्षक रोशन कौशिक को रक्षित केंद्र से भूपदेवपुर थाना प्रभारी, धर्माराम तिर्की को कापू थाना प्रभारी और रोहित बंजारे को यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, यातायात थाना प्रभारी रहे नारायण सिंह मरकाम अब अजाक थाना की कमान संभालेंगे। अनुरंजन लकड़ा को अजाक थाना से हटाकर रक्षित केंद्र भेजा गया है।
उप निरीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इगेश्वर यादव को रक्षित केंद्र से प्रभारी न्यायालय शाखा बनाया गया है। संजय नाग को भूपदेवपुर से साइबर थाना, जबकि विजय कुमार एक्का को रैरूमाखुर्द चौकी से कोतवाली रायगढ़ भेजा गया है। रैरूमाखुर्द चौकी प्रभारी को थाना कापू की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक अमृत मिंज, राजेश दर्शन, प्रेमसाय भगत, प्रधान आरक्षक लखेश्वर मानसर और आरक्षक जगमोहन ओग्रे सहित कई अन्य कर्मचारियों की भी नई पदस्थापना की गई है। कुछ पदस्थापनाओं में संशोधन भी किया गया है।
एसएसपी कार्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, सभी राजपत्रित अधिकारियों, संबंधित शाखाओं और पुलिस कंट्रोल रूम को भी भेजी गई है।
पुलिस विभाग का मानना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, थानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।