Edited By Himansh sharma, Updated: 14 Jun, 2026 02:04 PM

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की आहट के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है।
इंदौर। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की आहट के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज कराने के इच्छुक नागरिकों के लिए 15 जून दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
इंदौर नगर निगम समेत जिले की आठ नगर परिषदों और पंचायत क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तय समय-सीमा में सभी दावे और आपत्तियों का निराकरण कर अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और त्रुटि सुधार से जुड़े सभी प्रकरण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निपटाए जाएंगे।
नगरीय निकायों के लिए दावा-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा। इसके बाद ईआरएमएस में प्रविष्टि, चेकलिस्ट तैयार करने और त्रुटि सुधार की प्रक्रिया पूरी कर 10 जुलाई तक अंतिम मतदाता सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
वहीं पंचायत क्षेत्रों के लिए भी लगभग समान कार्यक्रम तय किया गया है। अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची की मुद्रित प्रतियां 16 जुलाई तक उपलब्ध करा दी जाएंगी और 18 जुलाई को ग्राम पंचायतों सहित निर्धारित सार्वजनिक स्थानों पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
आगामी निकाय और पंचायत चुनावों को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से समय रहते अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है, ताकि मतदान के अधिकार से कोई भी वंचित न रहे। चुनावी तैयारियों के इस अहम चरण को लेकर प्रशासन और निर्वाचन आयोग दोनों पूरी गंभीरता के साथ जुटे हुए हैं।