छत्तीसगढ़ का बिरनपुर फिर चर्चा में! नवरात्रि में Rahul Gandhi के नाम का दीप, सियासी हलचल तेज

Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Mar, 2026 03:32 PM

navratri devotion meets politics in biranpur as rahul gandhi name sparks buzz

जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है।

बेमेतरा : जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की कतारें लग रही हैं। कलश स्थापना, दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन-पूजन और मनोकामना ज्योति के साथ वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा है। लेकिन इस बार नवरात्रि की चर्चा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरनपुर में आस्था के साथ राजनीति की हल्की आहट भी सुनाई दे रही है।

राजनीति की पृष्ठभूमि से जुड़ा गांव

बिरनपुर वही गांव है, जिसने हालिया विधानसभा चुनाव में प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया था। यहीं की एक घटना ने एक आम व्यक्ति को प्रदेश की सियासत के केंद्र में ला खड़ा किया। भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में स्थानीय निवासी ईश्वर साहू को साजा विधानसभा से टिकट दिया। ईश्वर साहू ने चुनाव में कांग्रेस के कद्दावर नेता और तत्कालीन मंत्री रविंद्र चौबे को पराजित कर जीत दर्ज की। इस परिणाम को केवल एक सीट की जीत नहीं, बल्कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की बड़ी कड़ी के रूप में देखा गया। बिरनपुर का नाम तभी से राजनीतिक मानचित्र पर प्रमुखता से दर्ज हो गया।

अब आस्था का केंद्र बना बिरनपुर

वर्तमान में वही बिरनपुर नवरात्रि के अवसर पर आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। साजा विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्राचीन शक्ति माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां प्रज्ज्वलित की गई मनोकामना ज्योति भक्तों की इच्छाओं को पूर्ण करती है। श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखकर और विशेष पूजन-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।यह मंदिर बेमेतरा जिले की अंतिम सीमा पर स्थित है, जिसके बाद कबीरधाम जिले की सीमा प्रारंभ होती है। सीमा क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां दोनों जिलों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

PunjabKesariराहुल गांधी के नाम से दीप प्रज्वलन की चर्चा

इसी बीच क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नवरात्रि के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नाम से दीप प्रज्वलित किया गया। जिस गांव से कांग्रेस को पिछली चुनावी पराजय का बड़ा झटका लगा था, वहीं अब नवरात्रि के मंच से कांग्रेस की यह सक्रियता स्थानीय स्तर पर नई सियासी हलचल पैदा कर रही है। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि क्या यह धार्मिक आस्था के माध्यम से राजनीतिक संदेश देने का प्रयास है, या फिर यह केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह दीप प्रज्वलन क्षेत्र की शांति, समृद्धि और जनता की भलाई की कामना के लिए किया गया है।

आस्था और राजनीति का संगम

धार्मिक दृष्टि से नवरात्रि बुराई पर अच्छाई की जीत और शक्ति की उपासना का पर्व है। बिरनपुर का शक्ति पीठ इस आस्था का सशक्त केंद्र बना हुआ है। परंतु इस बार यहां केवल भक्तिभाव ही नहीं, बल्कि राजनीतिक संकेतों की भी चर्चा हो रही है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि नवरात्रि के इस दीप की लौ केवल श्रद्धा का प्रतीक बनकर रहती है या फिर साजा विधानसभा की राजनीति में किसी नए अध्याय की प्रस्तावना साबित होती है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!