Edited By Himansh sharma, Updated: 07 Mar, 2026 07:13 PM

मध्य प्रदेश कांग्रेस में सियासी तूफान मचा हुआ है।
इंदौर: मध्य प्रदेश कांग्रेस में सियासी तूफान मचा हुआ है। भागीरथपुरा में दूषित पानी कांड में 35 से अधिक लोगों की मौत के बाद कांग्रेस के अंदर भी संवेदनशीलता को लेकर आवाज उठने लगी है। पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने सीधे राहुल गांधी को पत्र लिखकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भोपाल स्थित निवास पर प्रस्तावित होली मिलन समारोह को स्थगित करने की मांग की है।
राकेश सिंह ने पत्र में लिखा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई इस त्रासदी ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। ऐसे समय में जब शहर शोक में डूबा है, त्योहार मनाना जनता की भावनाओं के खिलाफ संदेश देगा। उनका कहना है कि कांग्रेस की असली गांधीवादी विचारधारा यही है कि पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होना चाहिए, न कि उत्सव मनाना।
पत्र में यह भी कहा गया कि कई नेताओं ने होली समारोह से दूरी बनाने का निर्णय लिया है और जनमानस में सवाल उठ रहे हैं कि क्या संवेदनशील पार्टी इस दुख की घड़ी में उत्सव मना सकती है।
इस बीच, कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय को भी निशाने पर लिया है। प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने कहा कि मंत्री होली के दिन पीड़ित परिवारों के घर जाकर उनके दुख में शामिल होने के बजाय उत्सव मनाने में व्यस्त रहे।
राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस संगठन की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाली महत्वपूर्ण घटना बता रहे हैं। अब देखना यह है कि क्या राहुल गांधी राकेश सिंह की अपील को मानते हुए होली मिलन को स्थगित करने का निर्णय लेते हैं।