Edited By meena, Updated: 09 Aug, 2026 08:07 PM

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कारर्वाई की है। चिचोली से भीमपुर के बीच नाबार्ड योजना के तहत निर्माणाधीन करीब...
बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कारर्वाई की है। चिचोली से भीमपुर के बीच नाबार्ड योजना के तहत निर्माणाधीन करीब18 किलोमीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग के प्रभारी एसडीओ अखिलेश कवड़े को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, शाहपुर में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय के निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी जांच की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 07 अगस्त को पड़ोसी जिले छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राजधानी भोपाल से पहुंचे लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह और प्रमुख अभियंता वर्मा सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे। जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेने के बाद दोनों अधिकारियों ने चिचोली-भीमपुर मार्ग का निरीक्षण करने का निर्णय लिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भीमपुर से चिचोली के बीच निर्माणाधीन सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण में निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात सामने आई। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कारर्वाई के निर्देश दिए।
सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान बैतूल के प्रभारी एसडीओ अखिलेश कवड़े को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री मनीष मरकाम को भी निर्माण कार्य की निगरानी में कमी को लेकर फटकार लगाई गई और उन्हें नोटिस जारी किए जाने की जानकारी है। करीब 18 किलोमीटर लंबा यह मार्ग नाबाडर् योजना के तहत बनाया जा रहा है और चिचोली तथा भीमपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। निलंबित एसडीओ अखिलेश कवड़े के पास भैंसदेही एसडीओ का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके अलावा वे चिचोली क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे थे। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय बैतूल निर्धारित किया गया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री मनीष मरकाम ने कारर्वाई की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रमुख सचिव और प्रमुख अभियंता ने भीमपुर से चिचोली तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता में कमी पाई गई, जिसके बाद प्रभारी एसडीओ अखिलेश कवड़े को निलंबित किया गया है। मामले की जांच जारी है। इधर, लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) के माध्यम से शाहपुर में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय का भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किए जाने की जानकारी सामने आई है। यहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अन्य तकनीकी पहलुओं को लेकर जांच की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, शाहपुर के संदीपनी विद्यालय के मामले में एक सब इंजीनियर को निलंबित किए जाने की जानकारी है। वहीं, पीआईयू के एसडीओ और कार्यपालन यंत्री को भी नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि, इस कारर्वाई को लेकर विभाग की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एक ही दौरान जिले में निर्माणाधीन सड़क और विद्यालय भवन की गुणवत्ता को लेकर हुई कारर्वाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के बाद हुई कारर्वाई को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।