भीषण सड़क हादसे के बाद कैसी है BJP प्रदेश अध्यक्ष की हालत? पहला मेडिकल बुलेटिन जारी, जानिए क्या बोले डॉक्टर…

Edited By Himansh sharma, Updated: 29 Jul, 2026 08:13 PM

kiran singh dev injured in nh 44 road crash

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधानसभा से विधायक किरण सिंह देव बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधानसभा से विधायक किरण सिंह देव बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। यह हादसा उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर उस समय हुआ, जब वे बागेश्वर धाम से परिवार के साथ लौट रहे थे। उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

कमर और पैर में अंदरूनी चोट, फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं

प्राथमिक मेडिकल जांच में किरण सिंह देव के शरीर पर कोई गंभीर बाहरी चोट नहीं मिली है, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन सहित अन्य जरूरी परीक्षण कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उनके उपचार के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम बनाई है। जांच के दौरान उनका शुगर लेवल सामान्य से अधिक पाया गया, जिसके बाद आवश्यक दवाओं और दर्द नियंत्रित करने वाली चिकित्सा तत्काल शुरू कर दी गई।

प्रशासन और भाजपा नेताओं की अस्पताल में मौजूदगी

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही झांसी के जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनका हालचाल जानने मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हादसे में वाहन में सवार अन्य लोगों को किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है और उन्हें उपचार की आवश्यकता नहीं पड़ी।

गुरु पूर्णिमा पर गए थे बागेश्वर धाम

जानकारी के अनुसार किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान ललितपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फिलहाल डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल राहत की बात यह है कि किरण सिंह देव की स्थिति स्थिर है और चिकित्सकों के अनुसार चिंता की कोई तत्काल वजह नहीं है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!