Edited By Himansh sharma, Updated: 24 Jul, 2026 12:47 PM

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने एक दिवसीय ग्वालियर-दतिया दौरे के तहत ग्वालियर पहुंचे।
ग्वालियर (अंकुर जैन): केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने एक दिवसीय ग्वालियर-दतिया दौरे के तहत ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि वे चुनाव प्रचार के लिए आए हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव नहीं, बल्कि दतिया के विकास और क्षेत्र की प्रगति का चुनाव है। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार दतिया के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दतिया की जनता एक बार फिर भाजपा का परचम लहराएगी।
वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन और NEET पेपर लीक मामले पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि विद्यार्थियों का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
सिंधिया ने कहा कि देश के विद्यार्थी दिन-रात मेहनत कर अपने और देश के भविष्य को संवारने का प्रयास करते हैं। इसलिए उनके हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।