Edited By Vandana Khosla, Updated: 02 Jul, 2026 12:58 PM

दुर्ग (हेमंत पाल): भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले गिरोह का एक सदस्य पुलिस और सीआईएसएफ के हत्थे चढ़ गया। आरोपी अपने साथियों के साथ प्लांट परिसर से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा चोरी कर बिना नंबर की स्कूटी से ले...
दुर्ग (हेमंत पाल): भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले गिरोह का एक सदस्य पुलिस और सीआईएसएफ के हत्थे चढ़ गया। आरोपी अपने साथियों के साथ प्लांट परिसर से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा चोरी कर बिना नंबर की स्कूटी से ले जा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई ने चोरी की पूरी योजना पर पानी फेर दिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 की रात करीब 8 बजे भिलाई स्टील प्लांट के केनाल गेट के पास सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम गश्त पर थी। टीम ने बिना नंबर की स्कूटी पर दो युवकों को भारी मात्रा में स्क्रैप लोहा ले जाते देखा। रोकने का प्रयास किया गया तो पीछे बैठा युवक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला, जबकि स्कूटी चला रहा युवक मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान सोनू नायक (25 वर्ष), निवासी सेक्टर-5, भिलाई के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की दीवार फांदकर अंदर घुसा था और वहां से स्क्रैप लोहा चोरी कर बाहर ला रहा था। इसके बाद सीआईएसएफ की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में मामला दर्ज कर पुलिस ने विस्तृत विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 52,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि औद्योगिक क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी या अनधिकृत प्रवेश की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, उपनिरीक्षक भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक रोशन भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।