Edited By meena, Updated: 23 Jun, 2026 08:19 PM

शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट कर लूटपाट करने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को छुईखदान पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया...
छुईखदान (श्रेयांश सिंह) : शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक से मारपीट कर लूटपाट करने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को छुईखदान पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 03 जमातपारा निवासी शत्रुहन यादव (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जून को छुईखदान शराब भट्ठी के पास राहुल कुम्भकार और उसके दो साथियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट की तथा चाकूनुमा वस्तु से हमला कर उसके हाथ में चोट पहुंचाई। इसके बाद उसकी जेब से नगदी राशि निकालकर फरार हो गए।
मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 224/2026 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी राहुल कुम्भकार (21) निवासी टिकरीपारा, छुईखदान तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 300 रुपये नगद राशि और घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल कुम्भकार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया, जबकि दोनों बालकों को किशोर न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया गया।