Edited By Himansh sharma, Updated: 10 Apr, 2026 12:08 PM

मध्य प्रदेश में हुए ताजा प्रशासनिक फेरबदल के तहत श्योपुर जिले को नई कलेक्टर मिल गई हैं।
श्योपुर (जेपी शर्मा): मध्य प्रदेश में हुए ताजा प्रशासनिक फेरबदल के तहत श्योपुर जिले को नई कलेक्टर मिल गई हैं। वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी शीला दहिमा को जिले की कमान सौंपी गई है। सशक्त कार्यशैली और प्रभावी प्रशासनिक अनुभव के लिए पहचानी जाने वाली दहिमा से जिले में तेज़ी से विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
13 जुलाई 1975 को जन्मी शीला दहिमा इससे पहले मध्य प्रदेश शासन के सहकारिता विभाग में उप सचिव के पद पर पदस्थ थीं। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने सूझबूझ भरे निर्णय और बेहतर प्रबंधन क्षमता का परिचय देते हुए अलग पहचान बनाई।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस अहम फैसले के बाद अब श्योपुर में प्रशासनिक कामकाज में तेजी, बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद बढ़ गई है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में जिले को विकास की नई दिशा मिलेगी और आम जनता से जुड़े मुद्दों का तेजी से समाधान होगा। स्थानीय स्तर पर भी उनकी नियुक्ति को लेकर सकारात्मक माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि नई कलेक्टर जिले में सुशासन और पारदर्शिता को और मजबूत करेंगी।