बिस्तर में छिपे जहरीले सांप ने हवलदार को डसा, थाना प्रभारी ने AI की मदद से बचाई जान

Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Aug, 2026 01:05 PM

snake bites cop in bed ti uses ai to save his life

मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बिजौली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार उस समय बाल-बाल बच गए

ग्वालियर (अंकुर जैन): मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बिजौली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार उस समय बाल-बाल बच गए, जब उनके सरकारी क्वार्टर में बिस्तर के अंदर छिपे जहरीले कॉमन करैत सांप ने उन्हें दो बार डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ की तत्परता से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान सांप की तस्वीर की मदद से AI से प्राथमिक जानकारी ली गई, जिससे डॉक्टरों को सांप की पहचान और इलाज शुरू करने में मदद मिली। फिलहाल प्रधान आरक्षक की हालत स्थिर बताई जा रही है।

दरअसल, घटना गुरुवार देर रात बिजौली थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की है। प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार अपने कमरे में बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत सांप ने उनके हाथ में दो जगह डस लिया।

PunjabKesariसांप के काटने का अहसास होते ही पूरन सिकरवार ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव समेत पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। कमरे में सांप को देखकर थाना प्रभारी ने उसकी तस्वीर खींची और AI की मदद से प्राथमिक सावधानियों की जानकारी ली।

इसके बाद पुलिस स्टाफ ने बिना समय गंवाए प्रधान आरक्षक को जयारोग्य अस्पताल यानी JAH पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों को सांप की तस्वीर दिखाई गई। सांप की पहचान कॉमन करैत के रूप में होने के बाद डॉक्टरों ने उसी के अनुसार तत्काल इलाज शुरू किया।

घटना की जानकारी मिलते ही SSP धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और प्रधान आरक्षक के इलाज की जानकारी ली। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूरन सिकरवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक अब उनकी हालत स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर घरों और सरकारी आवासों में घुस जाते हैं। इसलिए बिस्तर, कपड़े और कमरे में रखे सामान को इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह जांच और झाड़ लेना चाहिए। समय पर मिली मदद, पुलिस स्टाफ की सूझबूझ और तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने से प्रधान आरक्षक की जान बच गई।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!