Edited By meena, Updated: 08 Apr, 2023 12:21 PM

आर्मी मार्कमैनशिप यूनिट इफेन्ट्री स्कूल महू में बीते दिनों कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी द्वारा एक करोड़ से अधिक की राशि का गबन...
इंदौर(गौरव कंछल): आर्मी मार्कमैनशिप यूनिट इफेन्ट्री स्कूल महू में बीते दिनों कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी द्वारा एक करोड़ से अधिक की राशि का गबन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, आर्मी मार्कमैनशिप यूनिट इफेन्ट्री स्कूल महू से रुपए निकालने की शिकायत महू थाने पर की गई थी जिसकी जांच थाना महू के द्वारा की गई थी। जांच में आरोपी क्लर्क संतोष कुमार तिवारी निवासी लुधियाना पंजाब के द्वारा ए.एम.यू. के सार्वजनिक निधि खाते से करीबन 1 करोड़ 20 लाख रुपये की फर्जी दस्तावेज तैयार करा धोखाधड़ी व सरकारी फाइलों से छेड़छाड़ कर अपने खाते में ट्रांसफर किया। साथ ही कुछ रुपए अपने साथी दीपिका के खाते में भी ट्रांसफर किए थे पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
महू पुलिस द्वारा मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा आरोपियों के निवास स्थान लुधियाना पंजाब व आरोपीगण के परिजनों के घरों में जाकर दबिश दी गई जिसके बाद आरोपी संतोष कुमार तिवारी को लुधियाना पंजाब से व आरोपी दीपशिखा को पुलिस टीम द्वारा रेडिसन ब्लू होटल दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी संतोष कुमार ने पूछताछ के दौरान ए.एम.यू. यूनिट की सार्वजनिक निधि खाते से छल पूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीबन 1 करोड़ 20 लाख रूपये स्वयं के एस.बी.आई. खाते तथा अपनी साथी दीपशिखा के कोटक महिन्द्रा बैंक के खाते में ट्रांसफर करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड ली है। जिससे उक्त पैसों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।