Edited By meena, Updated: 26 Jun, 2025 07:22 PM

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम दुआरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया...
सीधी (सूरज शुक्ला) : मध्य प्रदेश के सीधी जिले के ग्राम दुआरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब धूपगढ़ गांव निवासी दो सगे भाई अजीत सिंह (22) और हीरालाल सिंह (24) अपनी 12 वर्षीय फुफेरी बहन छोटी सिंह को उसके ननिहाल से उसके गांव भरसेड़ी छोड़ने जा रहे थे। लेकिन यह यात्रा उनकी ज़िंदगी की आखिरी यात्रा बन गई।
जैसे धूपगढ़ से दोनों भाई फुफेरी बहन को लेकर निकले ग्राम दुआरी के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी बाइक पर सवार विजय बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हीरालाल सिंह घायल हो गए जिसने रीवा ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं अजीत सिंह की जिला अस्पताल में मौत हो गई है। दोनों भाइयों की असमय मौत से धूपगढ़ गांव में मातम पसरा है।
हादसे में उनके साथ बैठी बहन छोटी सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे तुरंत सीधी जिला अस्पताल लाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर ICU में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।

दूसरी बाइक पर सवार डुहकुरिया गांव निवासी नीरज सिंह, ईश्वर सिंह और विजय बहादुर सिंह कुसमी तहसील से जाति प्रमाण पत्र बनवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ। टक्कर में विजय बहादुर सिंह (27) की मौके पर मौत हो गई, जबकि नीरज और ईश्वर गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों का इलाज जारी है, जिसमें ईश्वर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जा रही है।