Edited By Himansh sharma, Updated: 16 Aug, 2026 05:42 PM

मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद से खाद्य सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है।
सतना (अनुपम सिंह परिहार): मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद से खाद्य सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। नागौद के फूड स्ट्रीट बड़ेरिया प्लाजा में चाउमीन के अंदर कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके से चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए हैं। अब इन सैंपल्स की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सतना के नागौद स्थित फूड स्ट्रीट बड़ेरिया प्लाजा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चाउमीन में कीड़ा मिलने की शिकायत खाद्य विभाग तक पहुंची। शिकायत में बताया गया कि एक ग्राहक द्वारा खाई जा रही चाउमीन में कीड़ा मिला था। मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े मानकों की जांच की।
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग ने चाउमीन और पनीर के सैंपल लिए हैं। इन सैंपल्स को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद फूड स्ट्रीट में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है।