Edited By Vikas Tiwari, Updated: 14 Feb, 2026 04:59 PM

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आम्बुआ थाना क्षेत्र के ग्राम अडवाड़ा में एक मां ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहर मिली चाय पिला दी। इस घटना में तीनों मासूमों की मौत हो गई, जबकि मां की...
अलीराजपुर: मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आम्बुआ थाना क्षेत्र के ग्राम अडवाड़ा में एक मां ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहर मिली चाय पिला दी। इस घटना में तीनों मासूमों की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय नूर बाई पति मुकेश ने शुक्रवार शाम घर में रखी कीटनाशक दवा को चाय में मिलाया। उसने अपनी दो बेटियों और एक बेटे को वह चाय पिलाई और खुद भी पी ली। कुछ ही देर में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर सचिन पाटीदार के अनुसार, हालत गंभीर होने पर सभी को रेफर किया गया। सबसे बड़ी बेटी सावित्री (7) की मौत जिला अस्पताल में हो गई। बेटे कार्तिक (5) और छोटी बेटी दिव्या (3) को मां के साथ गुजरात के दाहोद रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल नूर बाई का इलाज दाहोद के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह और आम्बुआ थाना प्रभारी मोहन डावर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला का पति मुकेश पिछले एक महीने से मजदूरी के लिए गुजरात में था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दंपत्ति के बीच हाल में किसी प्रकार का तनाव या विवाद तो नहीं था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।