Edited By meena, Updated: 23 Jul, 2026 07:44 PM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से जिले को 356 करोड़ 89 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी...
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव से जिले को 356 करोड़ 89 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। साथ ही प्रदेश में कृषि, सिंचाई और डेयरी विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं भी गिनाईं। सीएम मोहन ने ऐलान किया कि 25 गायों की डेयरी स्थापित करने वाले किसानों को सरकार 10 लाख तक का अनुदान देगी। इसके अलावा जिले के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने 303.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण कर कुल 356.89 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 2 करोड़ 10 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। जैविक किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सहित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सरकार उनके योगदान को हमेशा सम्मान देती रहेगी।
सीएम ने बताया कि आलीराजपुर में 10 हजार से ज्यादा लोगों को स्वामित्व योजना के तहत भूखंड मिले हैं। 90 हजार से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि 5 लाख 70 हजार से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत किसानों के लिए नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। 1100 करोड़ रुपये की दही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना लगभग पूरी हो चुकी है और इसका लोकार्पण दिवाली के बाद किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई योजना का भी जिक्र किया। इसके तहत 25 उन्नत नस्ल की गायों के साथ डेयरी शुरू करने पर 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।
मुख्य घोषणाएं
• आलीराजपुर को 356.89 करोड़ रुपये के 271 विकास कार्यों की सौगात।
• 130 करोड़ रुपये की लागत से 64 नई सड़कों का निर्माण।
• 22 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का निर्माण।
• कोंडवा सिंचाई परियोजना से 70 हजार किसानों को सिंचाई सुविधा।
• दही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना का दिवाली के बाद लोकार्पण।
• भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद स्मृति पार्क बनाया जाएगा।
• रानी काजल माता लोक का निर्माण होगा।
• कन्या छात्रावासों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार।
• किसानों को दिन में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य।
• 25 उन्नत नस्ल की गायों वाली डेयरी पर 10 लाख रुपये तक अनुदान।