एक साल से रुका किसानों का पैसा अब सरकार के एक पोस्ट ने बढ़ा दी हलचल! किसानों का सवाल क्या बंद हो गई CM किसान योजना?

Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Jul, 2026 05:56 PM

mp farmers await cm kisan scheme installments

मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थी किसानों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है।

भोपाल। मध्य प्रदेश की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थी किसानों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। पिछले वर्ष 14 अगस्त 2025 को योजना की 13वीं किस्त जारी होने के बाद से अब तक राज्य सरकार की ओर से अगली किस्तों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस बीच कृषि विभाग के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने किसानों के बीच नई चर्चा छेड़ दी।दरअसल, मध्य प्रदेश कृषि विभाग ने हाल ही में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से जुड़ी जानकारी साझा की। पोस्ट में बताया गया कि पात्र किसानों को प्रतिवर्ष कुल 12 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 6 हजार रुपये केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत और 6 हजार रुपये मध्य प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से दिए जाते हैं।

हालांकि, इस पोस्ट के सामने आते ही किसानों ने कमेंट सेक्शन में अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी। बड़ी संख्या में लोगों ने सवाल उठाया कि जब योजना जारी है तो पिछले एक वर्ष से राज्य सरकार की ओर से राशि क्यों नहीं भेजी गई। कई किसानों ने लिखा कि उनकी तीन किस्तें लंबित हो चुकी हैं और अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। कुछ लोगों ने यह तक पूछ लिया कि "क्या मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना बंद कर दी गई है?

PunjabKesari

तीन किस्तों का इंतजार

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 13वीं किस्त 14 अगस्त 2025 को किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि की किस्तें निर्धारित समय पर जारी कीं, लेकिन राज्य सरकार की ओर से 14वीं, 15वीं और 16वीं किस्त अभी तक जारी नहीं हुई है। यही वजह है कि लाखों किसान लगातार भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।

सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक तारीख नहीं

फिलहाल मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की अगली किस्त जारी करने को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में यह चर्चा है कि आगामी विधानसभा सत्र से पहले किसानों के खातों में राशि भेजी जा सकती है। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से 24 जुलाई तक प्रस्तावित है, ऐसे में किसानों की निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।

81 लाख से अधिक किसानों को इंतजार

प्रदेश में इस योजना का लाभ लगभग 81 लाख किसानों को मिलता है। ऐसे में तीन किस्तों के लंबित रहने से बड़ी संख्या में लाभार्थी किसान सरकार से जल्द भुगतान की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार इस संबंध में कब आधिकारिक घोषणा करती है और किसानों के खातों में लंबित राशि कब तक पहुंचती है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!