हनी ट्रैप गिरोह में पकड़ी गई कांग्रेस नेत्री! पति के साथ मिलकर व्यापारी को बनाया था निशाना

Edited By meena, Updated: 07 Mar, 2026 08:58 PM

congress leader arrested in honey trap case she and her husband targeted a busi

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। खास बात यह कि इस गिरोह में कांग्रेस नेत्री उसका पति और रिश्तेदार शामिल थे...

ग्वालियर (अंकुर जैन: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। खास बात यह कि इस गिरोह में कांग्रेस नेत्री उसका पति और रिश्तेदार शामिल थे। मामले का खुलासा एक व्यापारी से सोने के गहने छीनने वाले केस से हुआ। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस नेत्री रीता आर्य समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि यह गिरोह और कितने लोगों को शिकार बना चुका है।

कांग्रेस नेत्री और रिश्तेदार गिरफ्तार

व्यापारी से गहने छिनने वालों में कांग्रेस नेत्री रीता आर्य, उनके पति राजेंद्र बुंदेला, बेटी निधि आर्य और दामाद विशाल आर्य का नाम सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार रात कांच मिल क्षेत्र से चारों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने राजस्थान के कोटा निवासी ऑटो पार्ट्स व्यापारी और रामलीला कलाकार भरत भुटानी को जाल में फंसाकर उनसे सोने के गहने छीन लिए।

दोस्ती के बहाने घर बुलाकर बनाई साजिश

पुलिस के अनुसार, भरत भुटानी को गांधीनगर स्थित आई-82 नंबर के घर पर बुलाया गया था। यहां पहले से ही पूरी साजिश रची गई थी। पूछताछ में रीता आर्य ने बताया कि भरत भुटानी से उनकी पहचान इंदौर निवासी सहेली नेहा के जरिए हुई थी। भरत भुटानी इन दिनों ग्वालियर में रामलीला में काम करने आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें भरोसे में लेकर घर बुलाया गया और पूरी योजना को अंजाम दिया गया।

PunjabKesari

मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे में घुसे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, जब भरत भुटानी रीता आर्य के घर पहुंचे तो रीता और उनकी बेटी निधि ने उन्हें मेहमान की तरह बैठाया। कुछ देर बाद रीता उन्हें कमरे में ले गईं। इसी दौरान रसोई में छिपे राजेंद्र बुंदेला और विशाल आर्य मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे में घुस आए। उन्होंने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्डिंग चालू कर दी और भरत भुटानी पर आरोप लगाते हुए उन्हें जेल भेजने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने उनके हाथ की अंगूठी, कड़ा और गले से सोने की चेन छीन ली।

सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के अनुसार, घटना के बाद भरत भुटानी ने शुरुआत में लूट की जानकारी दी थी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें राजेंद्र और विशाल चेहरा छिपाकर भागते दिखाई दिए। कुछ देर बाद रीता आर्य और निधि भी उनके ठिकाने की ओर जाती नजर आईं। इसके आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से व्यापारी से छीने गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!