Edited By Desh Raj, Updated: 10 May, 2026 04:12 PM

इंदौर से मदर्स डे के दिन एक बेटे से उसकी मां छीन गई। बेटे के सामने ही उसकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। खजराना निवासी अर्चना अपने बेटे के साथ ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी बंगाली चौराहे के पास एक पानी के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर से मदर्स डे के दिन एक बेटे से उसकी मां छीन गई। बेटे के सामने ही उसकी मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। खजराना निवासी अर्चना अपने बेटे के साथ ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी बंगाली चौराहे के पास एक पानी के टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस दुखद हादसे से हर कोई दुखी है क्योंकि मदर्स डे पर एक बेटे का नाता उसकी मां से टूट गया।
अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रही थीं
दरअसल इंदौर के खजराना क्षेत्र में रहने वाली अर्चना शकुंतला अस्पताल में काम करती थीं। रविवार सुबह मदर्स डे के दिन वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक बंगाली चौराहे के पास पहुंची, तभी एक निजी पानी के टैंकर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक असंतुलित हो गई और अर्चना सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वही इस मामले में सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मदर्स डे के दिन बेटे ने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते देखा। फिलहाल पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल पानी के टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।