Edited By meena, Updated: 08 May, 2026 02:25 PM

इंदौर की राजनीति का एक जुझारू चेहरा आज खामोश हो गया। अश्विन जोशी को शहर नम आंखों से विदाई दे रहा है। जनता के बीच रहकर संघर्ष करने वाले “पानी वाले बाबा” अब सिर्फ यादों में रहेंगे...
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर की राजनीति का एक जुझारू चेहरा आज खामोश हो गया। अश्विन जोशी को शहर नम आंखों से विदाई दे रहा है। जनता के बीच रहकर संघर्ष करने वाले “पानी वाले बाबा” अब सिर्फ यादों में रहेंगे, अलविदा बाबा, विनम्र श्रद्धांजलि सियासत में बेबाक आवाज और जनसेवा की मिसाल रहे।
इंदौर में पानी वाले बाबा के नाम से लोकप्रिय विधानसभा 3 के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का आज हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वे 66 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि अश्विन जोशी पिछले कुछ समय से सांस लेने में तकलीफ और पैरों की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। वहीं आज सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा था उनके निधन की खबर आते ही शहर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र क्रमांक 3 में पहली बार विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता की पानी की समस्या से जूझते देख सरकारी और व्यक्तिगत तौर पर टैंकरों का इंतजाम किया और पूरी विधानसभा में पानी की समस्या से निजात पाने के लिए टैंकर चलवाए। इसी वजह से क्षेत्र के लोग उन्हें पानी वाले बाबा के नाम से पुकारते थे। इसके अलावा उनकी बेबाक शैली भी जनता को काफी पसंद आती थी। विधानसभा तीन से लगातार तीन बार विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे अक्सर शेर और शायरी बोला करते थे। इसी बीच वे कभी-कभी भावुक भी हो जाते थे।
अश्विन जोशी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत होलकर कॉलेज में छात्र राजनीति से की थी। उन्होंने छात्र संघ चुनाव भी लड़ा था और वहीं से राजनीति में सक्रिय हुए। उनके चाचा महेश जोशी कांग्रेस के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। अश्विन जोशी को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी भी माना जाता था। शहर में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अश्विन जोशी ने आज इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। अब उनके बेटे के विदेश से लौटते ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।