Edited By meena, Updated: 05 May, 2026 01:15 PM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावी नतीजों के बाद सियासी हलचल तेज है। इस जीत का असर मध्य प्रदेश की राजनीति में भी देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा नेता अपनी...
भोपाल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावी नतीजों के बाद सियासी हलचल तेज है। इस जीत का असर मध्य प्रदेश की राजनीति में भी देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा नेता अपनी इस जीत को लेकर अब विपक्ष को निशाने पर ले रहे हैं। मध्य प्रदेश में कई वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई है। इसी कड़ी में भाजपा की कद्दावर नेत्री उमा भारती ने ममता बनर्जी की हार पर चुटकी ली है।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह जीत पहले से ही तय थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस की एक सांसद के गाने की वजह से ममता बनर्जी हार गई।
उमा भारती ने अपने बयान में कहा कि बंगाल में पार्टी की जीत के लिए शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत सराहनीय है। हालांकि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी की ही एक सांसद का गाना उनके लिए नुकसानदायक साबित हुआ।
यह टिप्पणी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सयानी घोष को लेकर की गई है, जो चुनाव प्रचार के दौरान काफी चर्चा में रही थीं। 33 वर्षीय सयानी घोष अपने आक्रामक भाषणों और अलग अंदाज के लिए जानी गईं। उन्होंने चुनावी रैलियों में गीत गाकर भी मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की और केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए।
हालांकि, उमा भारती के इस बयान को राजनीतिक बयानबाजी के रूप में भी देखा जा रहा है, क्योंकि चुनाव परिणामों के पीछे कई जटिल सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय कारक जिम्मेदार होते हैं।