Edited By Desh Raj, Updated: 13 Apr, 2026 05:12 PM

पन्ना जिले के अमानगंज से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 'ब्याज के जहर' ने एक और हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।
पन्ना (टाइगर खान): पन्ना जिले के अमानगंज से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 'ब्याज के जहर' ने एक और हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। महज 5,000 रुपये का मामूली कर्ज को जब सूदखोर की प्रताड़ना से 1 लाख में बदला, तो 30 वर्षीय कल्याण सिंह राजपूत सह नहीं पाया और ऐसा कदम उठा लिया जो सबको हिलाकर रख गया। इससे कल्याण सिंह इतना गम में डूब गया कि मौत को गले लगाना ही बेहतर समझा। किसान ने जहरीले पदार्थ का सेवन करके अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया।
राघव ताम्रकार पर कर्ज की वसूली के लिए कल्याण सिंह पर लगातार दवाब बनाने का आरोप
घटना अमानगंज थाना अंतर्गत मझगवा शेख की है जहां कल्याण सिंह ने रविवार शाम जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि राघव ताम्रकार जो कि झोलाछाप डॉक्टर है उसने कर्ज की वसूली के लिए मृतक पर लगातार मानसिक दबाव बनाया था। दम तोड़ने से पहले कल्याण ने अपने भाई को फोन कर आपबीती सुनाई, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
9 साल के मासूम के सिर से पिता का साया छीना
इस आत्मघाती कदम ने एक 9 साल के मासूम के सिर से पिता का साया छीन लिया है। परिजनों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक ये अवैध सूदखोर मासूम जिंदगियों से खिलवाड़ करते रहेंगे ? लिहाजा इस घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।