Edited By meena, Updated: 16 Apr, 2026 04:55 PM

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में थाने में सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रेप के आरोपी ने नामली थाना की हवालात के अंदर जान दे दी। मृतक पर अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप लगे थे...
रतलाम : मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में थाने में सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रेप के आरोपी ने नामली थाना की हवालात के अंदर जान दे दी। मृतक पर अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप लगे थे। घटना के बाद से पुलिस महकमें में हड़कंप का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर अपनी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म के आरोप लगे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार शाम को मामला दर्ज कर आरोपी को देर शाम गिरफ्तार कर नामली थाने की हवालात में बंद कर दिया था।
थाने में हुई घटना को लेकर पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर फौरन नामली थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं मामले की न्यायिक जांच के आदेश जारी किए हैं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इधर आरोपी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों ने काफी देर तक हंगामा किया और तनाव की स्थिति निर्मित हुई। हालांकि पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शांत हो गए। वहीं अब मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।