Edited By meena, Updated: 12 Jul, 2025 03:03 PM

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है...
श्योपुर (जेपी शर्मा) : मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। नामीबिया से लाई गई मादा चीता नभा की मौत हो गई है। जिसकी जानकारी कूनो प्रबंधन के द्वारा दी गई है। कूनो प्रबंधन ने बताया कि नामीबिया की 8 वर्षीय मादा चीता नभा की आज शनिवार को मौत हो गई। वह एक हफ्ते पहले अपने सॉफ्ट रिलीज बोमा के अंदर घायल अवस्था में पाई गई थी।
क्या शिकार के दौरान घायल हुई चीता नभा
संभवतः वह शिकार के प्रयास के दौरान घायल हुई थी। अन्य चोटों के साथ उसके दोनों बाएं आगे एवं पिछले पैरों (Ulna and Fibula) में फ्रैक्चर पाया गया है। एक हफ्ते से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चीते की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नेशनल पार्क में कितने चीते बचे
बता दें कि नभा की मौत के बाद कूनो नेशनल पार्क में अब 26 चीते बचे हैं। इनमें 9 वयस्क चीते (6 मादा और 3 नर) और 17 शावक शामिल हैं, जो पार्क में ही जन्मे हैं। प्रबंधन के मुताबिक, सभी चीते स्वस्थ हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। दो नर चीतों को कूनो से गांधीसागर ट्रांसफर किया गया था और वे भी वहां अच्छी स्थिति में हैं।