बेमेतरा जिला ड्राइवर संघ ने निकाली बाइक रैली, दिवंगत चालक ताम्रध्वज साहू को दी श्रद्धांजलि, मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Edited By meena, Updated: 22 Jun, 2026 08:16 PM

bemetara district drivers association held a bike rally and paid tribute to the

बेमेतरा जिला ड्राइवर संघ के तत्वावधान में सोमवार को शहर में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र निवासी दिवंगत...

बेमेतरा (अजीत सिंह) : बेमेतरा जिला ड्राइवर संघ के तत्वावधान में सोमवार को शहर में एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र निवासी दिवंगत चालक भाई ताम्रध्वज साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई। इसके साथ ही संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2027 तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ड्राइवर संघ की ओर से आयोजित बाइक रैली में बेमेतरा जिला अध्यक्ष संतोष साहू, गोलू सिन्हा, जागेश्वर निषाद, गणेश साहू, दिनेश, पुनाराम साहू बंटी चौहान, के साथ जिले भर के सैकड़ों वाहन चालक शामिल हुए। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुराना बस स्टैंड स्थित सिग्नल चौक पहुंची, जहां दिवंगत चालक ताम्रध्वज साहू के चित्र पर पुष्प , मोमबत्ती जलाकर  दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित चालकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

PunjabKesari

ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पिथौरा क्षेत्र के रहने वाले चालक ताम्रध्वज साहू की आत्महत्या की घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे जिन लोगों की भूमिका है, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संघ के सदस्यों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि दिवंगत चालक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, जिससे वे अपने जीवन-यापन और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित कर सकें।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में चालक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन एवं अन्य के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दिवंगत चालक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग के अलावा ड्राइवर समुदाय से जुड़ी आठ सूत्रीय मांगें भी शामिल की गईं। संघ का कहना है कि लंबे समय से चालक वर्ग अपनी समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करता आ रहा है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

PunjabKesari

ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वाहन चालक दिन-रात मेहनत कर समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ के रूप में कार्य करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। ऐसे में सरकार को चालक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने की आवश्यकता है।

संघ के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन से मांग की कि चालक समुदाय की समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि शासन द्वारा समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वर्ष 2027 में प्रदेशभर के चालक एकजुट होकर व्यापक और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर ड्राइवर संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे अपने साथी चालक ताम्रध्वज साहू के परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। संघ ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय और चालक समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चालकों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कहा कि यदि आज एक चालक के साथ अन्याय हुआ है तो पूरा चालक समाज उसके परिवार के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को राहत प्रदान करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।

बेमेतरा में आयोजित इस बाइक रैली और ज्ञापन कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि चालक समुदाय अब अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर संगठित हो चुका है और यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आने वाले समय में आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!