Edited By meena, Updated: 27 Aug, 2026 04:12 PM

मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव में जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को पांच हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है...
भोपाल : मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव में जमीन के नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को पांच हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार सिमार हल्के में पदस्थ पटवारी संजय बघेल ने फरियादी से नामांतरण कराने के लिए पहले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने रिश्वत मांगने की पुष्टि कर ट्रैप की कारर्वाई की। सरसेड़ा निवासी राघवेन्द्र बघेल ने अपनी पत्नी के नाम जमीन खरीदी थी। जमीन का नामांतरण कराने के लिए वह सिमार हल्के के पटवारी संजय बघेल के पास पहुंचा था।
फरियादी के अनुसार नामांतरण की कारर्वाई के लिए पटवारी ने उससे 30 हजार रुपये मांगे। रकम देने में असमर्थता जताने पर बातचीत के बाद रिश्वत की राशि घटाकर 10 हजार रुपये तय की गई। फरियादी ने पटवारी पर नामांतरण के काम को लेकर बातचीत के दौरान अभद्रता करने का आरोप भी लगाया। रिश्वत की मांग से परेशान होकर उसने लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद गुरुवार को फरियादी को पांच हजार रुपये देकर पटवारी के पास भेजा गया। राघवेन्द्र बघेल ने जैसे ही पटवारी संजय बघेल को पांच हजार रुपये दिए और उसने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। पटवारी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कारर्वाई शुरू की गई है।