Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Mar, 2026 05:27 PM

मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने किसानों को उड़द और गेहूं की फसल पर बोनस दिलाने की घोषणा की है।
उड़द पर 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उड़द की खेती को बढ़ावा दे रही है। उड़द की अधिक से अधिक खेती करने वाले किसानों को 600 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस मिलेगा। मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे अगली फसल की तैयारी समय पर करें और उड़द की बोवनी अधिक से अधिक करें, ताकि उन्हें अधिकतम लाभ मिल सके।
गेहूं पर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस
कृषि मंत्री ने कहा कि गेहूं की खरीदी पर भी किसानों को 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस मिलेगा। गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि पहले 7 मार्च थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इसका लाभ उठा सकें।
दिन में बिजली से सिंचाई में राहत
प्रदेश सरकार ने किसानों को दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया है। इससे रात में सिंचाई के दौरान होने वाली परेशानियां और जोखिम कम होंगे।
मंत्री का संदेश
एदल सिंह कंषाना ने कहा, “मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। हम उनके हितों की रक्षा और आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।