Edited By Himansh sharma, Updated: 09 Mar, 2026 12:29 PM

मध्यप्रदेश की बहुचर्चित लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।
भोपाल। मध्यप्रदेश की बहुचर्चित लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav 13 मार्च 2026 को योजना की 34वीं किस्त जारी करेंगे। इस दिन प्रदेश की करीब 1.28 करोड़ लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1500-1500 रुपए की राशि DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ट्रांसफर की जाएगी।
मुख्यमंत्री ग्वालियर जिले के घाटीगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए कुल 1920 करोड़ रुपए की राशि एक साथ लाभार्थियों के खातों में भेजेंगे।
शुरुआत 1000 से, अब 1500 रुपए मिल रहे
प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से की गई थी। शुरुआत में योजना के तहत 1000 रुपए प्रति माह दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1250 रुपए किया गया और अब महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह मिल रहे हैं।
महिलाओं को आर्थिक संबल
राज्य सरकार का दावा है कि इस योजना से प्रदेश की करोड़ों महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। घर के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और छोटी-मोटी जरूरतों के लिए महिलाओं को अब अलग से आर्थिक सहारा मिल रहा है। इससे परिवार में उनका सम्मान और निर्णय लेने की भूमिका भी बढ़ी है।
कार्यक्रम में बहनों से संवाद करेंगे सीएम
ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें शामिल होंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री Mohan Yadav लाभार्थी महिलाओं से संवाद भी करेंगे और जानेंगे कि वे योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग किस तरह कर रही हैं।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगी मार्च की किस्त
योजना के नियमों के अनुसार जिन महिलाओं की आयु 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, उनके नाम पात्रता सूची से स्वतः हट जाते हैं। ऐसे में मार्च की 34वीं किस्त उन महिलाओं के खातों में नहीं पहुंचेगी।13 मार्च 2026 को ग्वालियर से मुख्यमंत्री एक क्लिक में 1.28 करोड़ महिलाओं के खातों में 1920 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे।