Edited By Vandana Khosla, Updated: 03 Aug, 2026 09:36 AM

दंतेवाड़ा (आज़ाद सक्सेना): आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में भाजपा जिला पदाधिकारी बैठक आयोजित हुई,...
दंतेवाड़ा (आज़ाद सक्सेना): आगामी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में भाजपा जिला पदाधिकारी बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन की मजबूती और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक नियमित प्रवास, जनसंपर्क और आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक तालमेल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता, विधायक चैतराम अटामी सहित भाजपा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।