Edited By meena, Updated: 14 Mar, 2026 12:01 PM

शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर पालिका क्षेत्र में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब वन विभाग द्वारा वन सीमा पर मुनारा निर्माण का कार्य कराया जा रहा था...
शहडोल (कैलाश लालवानी): शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर पालिका क्षेत्र में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब वन विभाग द्वारा वन सीमा पर मुनारा निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे ब्यौहारी नगरपालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राजन गुप्ता ने काम को रुकवा दिया और वन विभाग के कर्मचारियों से तीखी बहस करने लगे।
बताया जा रहा है कि जेसीबी से की जा रही खुदाई पर नपा अध्यक्ष ने आपत्ति जताई और वन कर्मियों को धमकाते हुए काम बंद करने की बात कही। मौके पर मौजूद वन अमले और नपा अध्यक्ष के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा।
बढ़ते विवाद को देखते हुए वन विभाग ने फिलहाल मुनारा निर्माण का काम रोक दिया है। वन सीमा पर हो रहा यह निर्माण अब राजनीतिक टकराव का कारण बन गया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नपा अध्यक्ष और वन कर्मचारियों के बीच तीखी बहस साफ देखी जा सकती है।

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी टोल नाका कर्मचारियों से गाली-गलौच और धमकी देने का एक वीडियो राजन गुप्ता का वायरल हो चुका है। फिलहाल यह पूरा मामला शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर पालिका क्षेत्र का बताया जा रहा है।