Edited By meena, Updated: 03 Mar, 2026 12:36 PM

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, मार्गदर्शक एवं लोधी समाज के पुरोधा पुरुष प्रीतम सिंह लोधी ‘नेताजी’ का निधन हो गया। उनके निधन से जिले की राजनीति...
रायसेन (शिवलाल यादव) : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, मार्गदर्शक एवं लोधी समाज के पुरोधा पुरुष प्रीतम सिंह लोधी ‘नेताजी’ का निधन हो गया। उनके निधन से जिले की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे जनसंघ काल से भाजपा संगठन से जुड़े रहे और पार्टी के प्रति उनकी लग्न निष्ठा सेवाभाव व समर्पण को कार्यकर्ता सदैव याद रखेंगे।
दिवंगत नेताजी पग्नेश्वर निवासी डॉ. टीकाराम लोधी, युवा नेता संतोष लोधी एवं पंचायत सचिव धीरज सिंह लोधी के पिताश्री थे। उनके निधन के बाद उनके निवास स्थान वार्ड क्रमांक चार स्थित कलेक्ट्रेट कॉलोनी, मऊ पथरई रोड से दोपहर बाद अंतिम यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में समाजजन, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अंतिम संस्कार पग्नेश्वर स्थित बेतवा नदी घाट पर पूरे विधि-विधान से किया गया। शोकाकुल वातावरण में परिजनों ने मुखाग्नि दी और उपस्थित जनसमूह ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
बेतवा नदी घाट पगनेश्वर पर शोक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जहां प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं उनके रिश्तेदार प्रहलाद पटेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता डॉ. गौरी शंकर शेजवार, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, युवा नेता मुदित शेजवार तथा जमुना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय प्रीतम सिंह लोधी ने जनसंघ काल से लेकर जनता पार्टी,भाजपा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे सरल स्वभाव, संगठन क्षमता और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। लोधी समाज को संगठित करने में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।
सभा में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिले के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा ।